Loading ...
बिलासपुर

होली से पहले सख्ती: खाद्य एवं औषधि विभाग ने रेस्टोरेंट व डेरी दुकानों से लिए सैंपल, जांच के लिए भेजे

बिलासपुर। होली त्यौहार के मद्देनजर मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा अमला सक्रिय हो गया है। खाद्य एवं औषधि विभाग की टीम ने शहर के विभिन्न रेस्टोरेंट और डेरी दुकानों में निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।

जांच टीम

विगत कुछ दिनों में शहर के नीलकंठ स्वीट, देवकीनंदन चौक से मगज लड्डू, शंकर स्वीट्स, महाराणा प्रताप चौक से मगज लड्डू, सुभाष डेयरी मंगला चौक से खोवा, रतन लस्सी, नेहरू चौक से बूंदी लड्डू, कलकत्ता स्वीट्स,अशोक नगर से बेसन लड्डू एवं सेव नमकीन का नमूना लेकर जांच हेतु भेजा गया है।

अधिकारियों ने कहा कि यह कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी। जांच टीम में आर आर देवांगन, अभिहित अधिकारी, सुश्री अविषा मरावी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी, खीर सागर पटेल, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी शामिल रहे।

जांच अधिकारियों के अनुसार त्योहारों के समय मिठाइयों, मावा, घी, रंगीन खाद्य पदार्थों और डेरी उत्पादों की मांग बढ़ जाती है, ऐसे में गुणवत्ता की निगरानी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष दीपावली और रक्षाबंधन के दौरान लिए गए सैंपलों में दो दुकानों के नमूने पूरी तरह से स्वास्थ्य के लिए अमानक पाए गए थे, जबकि कुछ की रिपोर्ट सब-स्टैंडर्ड श्रेणी में आई थी। हालांकि अधिकांश दुकानों के सैंपल मानक अनुरूप पाए गए थे, जिससे उपभोक्ताओं को राहत मिली थी।

विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद अमानक या मिलावटी खाद्य पदार्थ पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे केवल विश्वसनीय दुकानों से ही खाद्य सामग्री खरीदें और किसी भी प्रकार की शिकायत होने पर विभाग को सूचित करें।