लिंगियाडीह बचाव आंदोलन ; 1 मार्च को 100 दिन पूरे होने पर विशाल मशाल श्रृंखला का ऐलान

बिलासपुर। बिलासपुर के लिंगियाडीह दुर्गा नगर क्षेत्र में 138 गरीब परिवारों को बेदखली से बचाने के लिए चल रहा “लिंगियाडीह बचाव आंदोलन” के 99वें दिन भी पूरी मजबूती के साथ धरना जारी रहा। धरना स्थल पर सैकड़ों महिलाएं धूल में बैठकर प्रशासन और नगर निगम की कार्रवाई के खिलाफ विरोध दर्ज कराती रहीं।
करीब 3 माह से जारी यह आंदोलन अब व्यापक जनआंदोलन का रूप ले चुका है। विभिन्न सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों का समर्थन लगातार मिल रहा है। आंदोलनकारियों का आरोप है कि सत्ता में आने से पहले गरीबों के हित में वादे किए जाते हैं, लेकिन अब उन्हीं गरीब परिवारों को उजाड़ने की तैयारी की जा रही है।
धरना दे रही महिलाओं ने बताया कि पट्टा देने के नाम पर प्रति वर्गफुट 10/ रुपये की दर से राशि वसूली गई, लेकिन आज तक पट्टा प्रदान नहीं किया गया। इसके उलट अब मकान तोड़ने के नोटिस दिए जा रहे हैं। आंदोलनकारियों का कहना है कि क्षेत्र पहले से आवासीय घोषित है, फिर भी गार्डन और व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स के नाम पर गरीबों को हटाने का प्रयास किया जा रहा है।
कल आंदोलन के 100 दिन पूरे होने पर समिति ने घोषणा की है कि दिनांक 1 मार्च 2026, रविवार को शाम 6:00 बजे आंदोलन के 100 दिन पूर्ण होने के अवसर पर अपोलो रोड सब्जी मार्केट चौक, लिंगियाडीह में विशाल मशाल श्रृंखला का आयोजन किया जाएगा। आंदोलनकारियों ने क्षेत्रवासियों एवं शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
आंदोलन समिति का कहना है कि यह लड़ाई गरीबों के आशियाने और अधिकारों की है, जिसे अंत तक जारी रखा जाएगा।