Loading ...
बिलासपुर

बीजेपी कार्यालय का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया घेराव, प्रदेश में नशे का फैलता कारोबार समाज के लिए गंभीर खतरा – त्रिलोक श्रीवास

बिलासपुर। प्रदेश में बढ़ते नशे के कारोबार और कथित रूप से भाजपा नेताओं की संलिप्तता के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी बिलासपुर ग्रामीण एवं शहर के नेतृत्व में जिला भाजपा कार्यालय का घेराव किया गया। इस विरोध प्रदर्शन में वरिष्ठ कांग्रेस नेता त्रिलोक चंद्र श्रीवास, राष्ट्रीय समन्वयक (अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी) अपने दर्जनों सहयोगियों के साथ शामिल हुए।

घेराव कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दुर्ग और बलरामपुर जिलों में बड़े पैमाने पर सामने आई अफीम की खेती के मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि 10 एकड़ जमीन में अफीम जैसे मादक पदार्थ की खेती बिना राजनीतिक संरक्षण के संभव नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में सत्ता पक्ष के नेताओं और कार्यकर्ताओं की संलिप्तता उजागर हुई है।

श्रीवास ने कहा कि प्रदेश में नशे का फैलता कारोबार समाज के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। इससे युवा पीढ़ी का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। उन्होंने मांग की कि नशे के इस अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त और निष्पक्ष कार्रवाई की जाए, चाहे वे किसी भी राजनीतिक दल से जुड़े हों।


कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश में नशे के खिलाफ ठोस कार्रवाई की जरूरत है और सरकार को इस मुद्दे पर स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए, ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाया जा सके। इस घेराव कार्यक्रम में कांग्रेस के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस अवसर पर त्रिलोक श्रीवास के साथ मोहन जायसवाल पंडित जितेंद्र शर्मा जीतू मंगल वाजपेई चरण सिंह राज शुभम श्रीवास रामेश्वर केसरी राहुल गोरख हेमंत कौशिक टीकाराम यादव केशव पांडे कामरान खान बंटी खान मनोज यादव सुदीप यादव मनोज श्रीवास  कृष्णi श्रीवास, नंदकिशोर वर्मा ओमप्रकाश शर्मा दीपक कश्यप विजय तिवारी मुकेश अग्रवाल  हृदेश कश्यपसहित दर्जनों लोग उपस्थित थे ll