एनटीपीसी सीपत के ऐश डाइक क्षेत्र में संविदा श्रमिक का शव मिलने से सनसनी

बिलासपुर/सीपत। एनटीपीसी सीपत के ऐश डाइक-1 और ऐश डाइक-2 के बीच स्थित ओवरफ्लो लगून एरिया (Overflow Lagoon Area) में सोमवार सुबह एक संविदा श्रमिक अचेत अवस्था में मिला। सूचना मिलते ही मौके पर एम्बुलेंस और पुलिस टीम पहुंची, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
एनटीपीसी प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार, सीआईएसएफ जवानों ने 1 जून 2026 को सुबह लगभग 8:45 बजे ओवरफ्लो लगून क्षेत्र में एक व्यक्ति को अचेत अवस्था में देखा। तत्काल इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और पुलिस को भी अवगत कराया गया।

मृतक की पहचान नूर मुहम्मद (पुत्र श्री सेनौल एस.के.), निवासी मालदा, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। वह ऐश डाइक में कार्यरत आईएमएस शिपमेंट (IMS Shipment) एजेंसी के साथ संविदा श्रमिक के रूप में कार्य कर रहे थे।
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। एनटीपीसी प्रबंधन ने बताया है कि पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।
एनटीपीसी के जनसंपर्क अधिकारी (PRO) प्रवीण रंजन भारती ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है और पुलिस जांच में सहयोग किया जा रहा है।