बिलासपुर में कॉस्मेटिक दुकानों पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, दो टीमों ने शहर के 10 फर्मों का किया निरीक्षण
बिलासपुर, 4 जून। जिले में कॉस्मेटिक उत्पादों की गुणवत्ता और वैध बिक्री सुनिश्चित करने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने गुरुवार को विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन के निर्देश पर सहायक औषधि नियंत्रक के नेतृत्व में गठित दो टीमों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित कॉस्मेटिक फर्मों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण दल में सहायक औषधि नियंत्रक भीष्म देव सिंह के साथ औषधि निरीक्षक सुनील पंडा, सुमन लता कंवर, आशीष पांडे एवं अश्विनी कुमार शामिल रहे। टीम ने तेलीपारा, देवकीनंदन चौक, बृहस्पति चौक, प्रताप चौक एवं हैप्पी स्ट्रीट क्षेत्र में संचालित कुल 10 कॉस्मेटिक फर्मों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कॉस्मेटिक उत्पादों के क्रय-विक्रय संबंधी दस्तावेजों की जांच की तथा यह सुनिश्चित किया कि सभी उत्पाद वैध स्रोतों से खरीदे गए हों। टीम ने दुकानदारों को कॉस्मेटिक उत्पादों का उचित तापमान पर भंडारण करने के निर्देश भी दिए, ताकि उत्पादों की गुणवत्ता और सुरक्षा बनी रहे।

सहायक औषधि नियंत्रक भीष्म देव सिंह ने बताया कि सभी व्यापारियों को केवल बिल के माध्यम से कॉस्मेटिक उत्पादों की खरीदारी करने की समझाइश दी गई है। उन्होंने कहा कि बिना वैध दस्तावेजों के उत्पादों की खरीद-बिक्री उपभोक्ताओं के हितों के लिए नुकसानदायक हो सकती है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में इस प्रकार के निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित उत्पाद उपलब्ध कराए जा सकें तथा नियमों का पालन सुनिश्चित हो सके।