Loading ...

भागवत कथा में पत्नी के डांस से नाराज पति ने उठाया खौफनाक कदम, पत्नी और दो बच्चों की हत्या के बाद खुद भी दी जान

न्यूज डेस्क मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। किशनपुर गांव में एक घरेलू विवाद ने पूरे परिवार को खत्म कर दिया। आरोप है कि पति ने अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों की कुल्हाड़ी से हत्या करने के बाद रेलवे ट्रैक पर जाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।

मृतक

मृतकों की पहचान रविता कुशवाहा और उसके दो बेटे आरव व देबू के रूप में हुई है। वहीं रेलवे ट्रैक से मिले शव की पहचान रविता के पति बलराम कुशवाहा के रूप में हुई। सूचना मिलने पर माता बसैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

भागवत कथा में डांस को लेकर शुरू हुआ विवाद

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुछ दिन पहले गांव में आयोजित भागवत कथा के दौरान रविता ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में डांस किया था। पुलिस के अनुसार, इसी बात को लेकर बलराम नाराज था और पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ता चला गया।

वायरल डांस की वीडियो

मृतका के पिता मलखान ने पुलिस को बताया कि भागवत कथा के बाद बलराम ने उनकी बेटी के साथ मारपीट की थी। इसके बाद वह रविता को अपने मायके कुतबार गांव ले गए थे। कुछ दिनों बाद 24 तारीख को बलराम अपने परिजनों के साथ पहुंचा और रविता को वापस घर ले आया।

रात में विवाद के बाद वारदात

परिजनों के मुताबिक, घर लौटने के बाद भी दोनों के बीच तनाव बना रहा। शुक्रवार रात फिर से विवाद हुआ। इसी दौरान बलराम ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से पहले अपने दोनों बच्चों और फिर पत्नी रविता पर हमला कर दिया, जिससे तीनों की मौत हो गई।

घटना को अंजाम देने के बाद बलराम घर से निकल गया और रेलवे ट्रैक पर पहुंचकर ट्रेन के सामने कूद गया।

सुबह हुआ घटना का खुलासा

शनिवार सुबह जब पड़ोसियों ने घर में कोई हलचल नहीं देखी तो उन्हें शक हुआ। घर के अंदर जाकर देखने पर महिला और दोनों बच्चों के शव मिले। पुलिस को सूचना दी गई। जांच के दौरान पास के रेलवे ट्रैक पर बलराम का शव मिलने की जानकारी भी सामने आई।

पुलिस जांच में जुटी

डीएसपी हेडक्वार्टर विजय भदौरिया ने बताया कि किशनपुर गांव में एक महिला और दो बच्चों के शव मिलने की सूचना मिली थी। जांच के दौरान महिला के पति का शव रेलवे ट्रैक से बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद को घटना की वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।