Loading ...
बिलासपुर

पश्चिम बंगाल के कोलकाता में मेडिकल रेजिडेंट डॉक्टर के साथ हुए क्रूर अपराध एवं जघन्य हत्या से चिकित्सको में भारी आक्रोश, घटना के विरोध में आईएमए ने की घोषणा शनिवार 17 अगस्त सुबह 6 बजे से रविवार 18 अगस्त सुबह 6 बजे तक 24 घंटे के लिए आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर सभी सेवाएं रखेंगे बंद

बिलासपुर।पश्चिम बंगाल के कोलकाता में मेडिकल रेजिडेंट डॉक्टर के साथ हुए क्रूर अपराध एवं जघन्य हत्या से देश भर के डॉक्टरों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।इस जघन्य अपराध के विरोध में अब आम जन मानस भी डॉक्टरों के समर्थन में उठ खड़े हो गए है।

शुक्रवार को बिलासपुर प्रेस क्लब में प्रेसवार्ता कर आईएमए की टीम ने इस इस जघन्य अपराध का कड़ा विरोध करते  हुए 17 अगस्त सुबह 6 बजे से एवं 18 अगस्त सुबह 6 बजे तक 24 घंटे प्रदेश के सभी डॉक्टर अपना ओपीडी बंद रखने की घोषणा की है, साथ ही डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए शासन के समक्ष अपनी कुछ मांगे भी रखी।

उन्होंने कहा कि हम समाज की सेवा करने के लिए सुरक्षित कार्यस्थलों के हकदार हैं और पहले अपने लिए भी समाज और नीति निर्माताओं से सुरक्षा की मांग करते हैं।

पश्चिम बंगाल के कोलकाता में हमारी प्यारी बहन मेडिकल रेजिडेंट डॉक्टर के जघन्य अपराध और हत्या से देश का पूरा चिकित्सा जगत शोक में है। हम परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं।जब हम शांतिपूर्वक शोक मना रहे थे और विरोध कर रहे थे तो हमारे जूनियर डॉक्टरों को कोलकाता के आर.जी. कर अस्पताल में भीड़ ने धमकाया और गुंडों ने परिसर में तोड़फोड़ की। सिस्टम और समाज की ये उदासीनता हमें झकझोर रही है। यह मानवता के खिलाफ उच्चतम स्तर की हिंसा है, हम इस जघन्य कृत्य की निंदा करते हैं और चिकित्सा पेशेवरों और चिकित्सा कर्मियों के खिलाफ हिंसा के किसी भी कृत्य का “जीरो टॉलरेंस” के साथ विरोध करने के लिए चिकित्सा समुदाय के साथ एकजुट हैं।

•हमारी मांग है कि :

1. घटना की त्वरित सीबीआई जांच हो और इस जघन्य अपराध के लिए दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए।

2. अस्पतालों को “सुरक्षित क्षेत्र” घोषित किया जाएगा।

3. एनएमसी को मेडिकल कॉलेज अस्पतालों में रेसिडेंट डॉक्टर्स के लिए सुरक्षित और मानवीय कार्य वातावरण के लिए दिशानिर्देश तैयार करना चाहिए।

4. एनएमसी को रेजिडेंट डॉक्टरों से संबंधित विभिन्न मुद्दों को हल करने के लिए एक समिति बनानी चाहिए जैसे मानसिक स्वास्थ्य, बर्न-आउट, लंबे समय तक काम के घंटे, अत्यधिक फीस, मामूली वजीफा, बंधुआ नीतियां, खराब आवासीय स्थितियां आदि ।

5. भारत सरकार को मेडिकेयर पेशेवरों और चिकित्सा कर्मियों के खिलाफ हिंसा के लिए जल्द से जल्द सख्त केंद्रीय कानून बनाना चाहिए।

इंडियन मेडिकल एसोसिएशन मुख्यालय नई दिल्ली ने “शनिवार 17 अगस्त 2024 सुबह 6 बजे से रविवार 18 अगस्त 2024 सुबह 6 बजे तक 24 घंटे के लिए आपातकालीन सेवाओं और रोगी सेवाओं को छोड़कर सभी चिकित्सा सेवाओं को वापस लेने की घोषणा की है”