आखिरकार नारी शक्ति टीम की हुई जीत, सरकंडा बंधवापारा स्थित देशी शराब दुकान हटाया गया

बिलासपुर। सरकंडा, बंधवापारा ,ड्रीम लैंड स्कूल के पास स्थित देशी शराब की दुकान को आखिरकार आज हटा कर कही अन्य जगह शिफ्ट कर दिया गया ।

पिछले कई महीनों से इस क्षेत्र के लोग मोहल्ले एवं स्कूल के पास खुले इस देशी शराब दुकान से परेशान थे। जिसके लिए मोहल्लेवासीयों ने लगातार आंदोलन भी किया था। 8 दिनो तक आमरण अनशन में बैठे थे, जेल गए, चक्का जाम भी किया। तब जाकर आज यह शराब दुकान वहा से हटाई गई ।

आज सुबह जब यह शराब दुकान हटाई गई तो नारी शक्ति टीम के सदस्यों एवं मोहल्लेवासियों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। लोग एक दूसरे को बधाइयां दी।

नारी शक्ति टीम की दीपा शर्मा ने कहा की आज की नारी किसी से कमजोर नहीं है, वह जो ठान लेती है तो फिर वह करके दिखाती है। हम लोगो ने कसम खाई थी कि इस शराब दुकान को यहा से हटा कर के ही दम लेंगे। जिसके लिए हम सभी ने मिलकर लगातार आंदोलन किया। जिससे बाध्य हो कर आज सरकार को यह शराब दुकान मोहल्ले से हटाने को मजबुर होना पड़ा।
आज हम सभी को बेहद खुशी है। अब स्कूल जाने वाली हमारी बच्चियों के साथ कोई शराबी छेड़छाड़ व गाली गलौज नहीं करेगा, देर रात को होने वाली मारपीट जैसी घटनाएं भी बंद होगी। महिलाए, बच्चे अपने परिवार के साथ निर्भय हो कर आना जाना कर सकेंगे। नगर विधायक अमर अग्रवाल सहित शासन प्रशासन का सभी मोहल्लेवासियों ने धन्यवाद दिया है।