चाक-चौबंद सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश हुआ मुख्य आरोपी राम सिंह ठाकुर, पेशी के बाद सीधे जेल दाखिल
खपरगंज हिंसक विवाद मामले में पन्ना से गिरफ्तारी के बाद हुई पेशी, जेल परिसर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात; समर्थकों की भी रही मौजूदगी
बिलासपुर। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के खपरगंज में हुए हिंसक विवाद के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी राम सिंह ठाकुर को शनिवार को पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच न्यायालय में पेश किया। मध्यप्रदेश के पन्ना से गिरफ्तारी के बाद बिलासपुर लाए गए आरोपी की कोर्ट में पेशी हुई। पेशी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस उसे सीधे जेल लेकर पहुंची, जहां आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे जेल दाखिल कर दिया गया।
आरोपी की पेशी और जेल दाखिले को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। न्यायालय से लेकर जेल परिसर तक पुलिस बल तैनात रहा। जेल के बाहर भी बड़ी संख्या में जवानों की तैनाती की गई थी। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगातार निगरानी रख रही थी और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी गई थी। इस दौरान राम सिंह ठाकुर के समर्थकों की भी बड़ी संख्या में जेल के बाहर मौजूदगी देखी गई।
पन्ना में दोस्त के घर छिपा था आरोपी
पुलिस के अनुसार, खपरगंज में हुए हिंसक विवाद के बाद राम सिंह ठाकुर फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन मध्यप्रदेश के पन्ना में मिली। पुलिस को जानकारी मिली कि वह अपने एक दोस्त के घर में छिपा हुआ है। इसके बाद एसीसीयू की टीम पन्ना पहुंची और दबिश देकर राम सिंह ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया।
पथराव में थाना प्रभारी समेत 9 पुलिसकर्मी हुए थे घायल
गौरतलब है कि खपरगंज में हुए विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव और तोड़फोड़ हुई थी। स्थिति बिगड़ने पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा था। इस दौरान भीड़ की ओर से पुलिस बल पर भी पथराव किया गया, जिसमें तारबाहर थाना प्रभारी समेत 9 पुलिसकर्मी घायल हुए थे।
घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ अपराध दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ शुरू की। पुलिस के मुताबिक, अब तक दोनों पक्षों से जुड़े करीब 30 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मुख्य आरोपी राम सिंह ठाकुर की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।