ब्रेकिंग। इधर नगर निगम की महासभा चालू थी …उधर ACB ने नगर निगम के बाबू को 10 हजार रिश्वत लेते धर दबोचा

बिलासपुर। नगर निगम बिलासपुर की संपदा शाखा में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने कार्रवाई करते हुए क्लर्क लक्ष्मीकांत कोका को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि कर्मचारी पर राजकिशोर नगर निवासी शिकायतकर्ता से मकान के नवीनीकरण संबंधी काम को आगे बढ़ाने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। मिली जानकारी के अनुसार, राजकिशोर नगर निवासी अजीत शुक्ला अपने मकान से जुड़े नवीनीकरण कार्य के लिए नगर निगम की संपदा शाखा पहुंच रहे थे।
आरोप है कि संबंधित प्रक्रिया पूरी करने के एवज में उनसे 10 हजार रुपये की मांग की गई। कई दिनों तक कार्यालय के चक्कर लगाने के बाद शिकायतकर्ता ने मामले की जानकारी एसीबी को दी।शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने प्राथमिक स्तर पर इसकी पुष्टि की और ट्रैप की कार्रवाई की योजना बनाई। शुक्रवार को शिकायतकर्ता को तय रकम लेकर निगम की संपदा शाखा भेजा गया। जैसे ही लक्ष्मीकांत कोका ने 10 हजार रुपये की रिश्वत राशि ली, पहले से तैयार एसीबी टीम ने उसे मौके पर पकड़ लिया।
खास बात यह रही कि जिस समय एसीबी की कार्रवाई हुई, उसी दौरान नगर निगम में सामान्य सभा की बैठक चल रही थी। निगम कार्यालय में एसीबी टीम की मौजूदगी और कर्मचारी के पकड़े जाने की खबर फैलते ही अधिकारियों और कर्मचारियों में खलबली मच गई। परिसर में काफी देर तक कार्रवाई को लेकर चर्चा होती रही। एसीबी टीम ने आरोपी कर्मचारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। रिश्वत की मांग, लेन-देन और पूरे मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।