शिक्षा नगरी कोनी की पहचान बचाने की पहल,कांग्रेस नेता त्रिलोक श्रीवास ने शराब दुकान बंद करने, अवैध उत्खनन रोकने और नदी तट कटाव पर कार्रवाई की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन, जल्द समाधान नहीं होने पर जन आंदोलन की चेतावनी

बिलासपुर। जिले के कांग्रेस नेता, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय समन्वयक तथा उत्तर प्रदेश और गुजरात के प्रभारी त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने सोमवार को कोनी क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं को लेकर बिलासपुर के जिलाधीश संजय अग्रवाल से भेंट की और उन्हें एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
इस ज्ञापन में कोनी क्षेत्र की शराब दुकान को तत्काल बंद करने, अरपा नदी में हो रहे अवैध उत्खनन पर रोक लगाने, और नदी तट कटाव को रोकने हेतु रिटेनिंग वॉल और पचरी निर्माण की मांग की गई। त्रिलोक श्रीवास ने प्रशासन को चेताया कि यदि इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो वे जन सहयोग के साथ वृहद आंदोलन करने को विवश होंगे।
शिक्षा हब कोनी में शराब दुकान – ‘शिक्षा के मंदिर के नीचे मदिरालय?’
त्रिलोक श्रीवास ने बताया कि कोनी का वार्ड क्रमांक 68 – स्वामी रामकृष्ण परमहंस नगर – एक अद्वितीय शैक्षणिक क्षेत्र है, जहां तीन विश्वविद्यालय, महिला आईटीआई (M.I.T.I), पॉलीटेक्निक कॉलेज, B.Ed कॉलेज, इंजीनियरिंग-मेडिकल कॉलेज, सैनिक स्कूल, केपीएस, सरस्वती शिशु मंदिर, और सरस्वती महाविद्यालय जैसे प्रतिष्ठित संस्थान मौजूद हैं। इस क्षेत्र में देशभर और विदेशों से छात्र-छात्राएं अध्ययन हेतु आते हैं।
ऐसे पवित्र शैक्षणिक वातावरण में शराब दुकान का होना, समाज और संस्कृति दोनों के लिए विरोधाभासी और दुर्भाग्यपूर्ण है। श्री श्रीवास ने कहा कि क्षेत्रवासी कई वर्षों से इस दुकान को हटाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
अरपा नदी में अवैध उत्खनन से खतरे में बस्तियां
उन्होंने यह भी बताया कि अरपा नदी में जारी अवैध रेत उत्खनन के कारण कोनी क्षेत्र में नदी तट का तेज़ी से कटाव हो रहा है, जिससे आसपास की बस्तियों के अस्तित्व पर संकट मंडरा रहा है। इस कटाव को रोकने के लिए रिटेनिंग वॉल और पचरी निर्माण की मांग की गई है।
आंदोलन की चेतावनी
श्री त्रिलोक श्रीवास ने स्पष्ट किया कि यदि प्रशासन द्वारा त्वरित रूप से इन मुद्दों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो वे जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं आम जनता के साथ मिलकर बड़ा जन आंदोलन छेड़ेंगे।
उपस्थित जनप्रतिनिधि
इस अवसर पर उनके साथ कांग्रेस नेता नंदकिशोर वर्मा, मनोज श्रीवास, मंगल बाजपेई, पंडित जितेंद्र शर्मा, चंद्र प्रकाश केसरवानी, कौशल श्रीवास्तव, चरण सिंह राज, शुभम श्रीवास, पप्पू मानिकपुरी, मनीष भट्ट, दौलत सोनी, मोहसिन खान, राहुल गोरख, आयुष सिंह राज, कृष्ण श्रीवास, मोहन जायसवाल, मुकेश अग्रवाल, नवीन चंद्र दुबे, रामेश्वर केसरी, दीपक कश्यप, विजय तिवारी, दिनेश कश्यप सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।