Loading ...
बिलासपुर

तेलुगु समाज का गौरव सम्मान समारोह 27 जुलाई को भव्य सांस्कृतिक संध्या में होगा चार विशिष्ट व्यक्तित्वों का सम्मान

बिलासपुर। शहर में निवासरत तेलुगु भाषी समाज आगामी रविवार, 27 जुलाई 2025 को एक भव्य गौरव सम्मान समारोह एवं सांस्कृतिक संध्या का आयोजन करने जा रहा है। यह आयोजन शाम 6 बजे से 8 बजे तक, रेलवे नॉर्थ ईस्ट इंस्टिट्यूट सभागार, बुधवारी बाजार में संपन्न होगा।

इस विशेष अवसर पर समाज के चार प्रतिष्ठित और प्रेरणादायी व्यक्तित्वों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर न केवल समाज बल्कि पूरे शहर और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।


सम्मानित होने वाले प्रमुख व्यक्तित्व होंगे:

श्री श्रीनिवास राव मद्दी, अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ बेवरेज कॉर्पोरेशन
श्रीमती एल. पद्मजा, महापौर, बिलासपुर नगर निगम
डॉ. जीएस पटनायक, मैनेजिंग डायरेक्टर, सेंट जेवियर्स स्कूल
डॉ. अरुण पटनायक, सीनियर डायरेक्टर, अमिटी ग्रुप ऑफ यूनिवर्सिटी

तेलुगु संस्कृति की भव्य प्रस्तुति

यह आयोजन सिर्फ सम्मान समारोह नहीं होगा, बल्कि तेलुगु संस्कृति और परंपराओं के उत्सव के रूप में भी यादगार बनेगा। बच्चों और युवाओं द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले पारंपरिक नृत्य, गीत-संगीत, और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज की समृद्ध धरोहर को जीवंत किया जाएगा।


समाज की सामूहिक भागीदारी

इस कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए हाल ही में रेलवे क्षेत्र स्थित श्री बालाजी मंदिर में तेलुगु समाज के विभिन्न संगठनों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में समाज के वरिष्ठ जनों और युवाओं ने मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिम्मेदारियाँ साझा कीं।

कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व पार्षद वी. रामाराव ने कहा—


यह केवल चार महानुभावों का नहीं, पूरे तेलुगु समाज का सम्मान है। पहली बार पूरे समाज की एकता इस आयोजन के माध्यम से सार्वजनिक रूप से सामने आएगी। यह हम सबके लिए गौरव का क्षण है।”

कार्यक्रम के बाद सभी अतिथियों और समाजजनों के लिए रात्रि भोज (स्नेह भोज) की भी विशेष व्यवस्था की गई है।


सम्मिलित हो रहे हैं अनेक संगठन

इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने के लिए तेलुगु समाज के दर्जनों संगठनों ने एकजुट होकर कार्य प्रारंभ किया है। इनमें प्रमुख हैं—

आन्ध्र समाज स्कूल समिति,श्री बालाजी एवं कोदण्डारामालयम मंदिर समिति,श्री सत्य साई सेवा समिति,श्री राम नवमी समितियाँ (कन्स्ट्रक्शन कॉलोनी, अन्नपूर्णा कॉलोनी),श्री सोलापुरी माता पूजा समितियाँ (12 खोली, लोको कॉलोनी, शुभम विहार),श्री मरीमाई माता पूजा समिति,तेलुगू संयुक्त समाज कल्याण समिति,कालिंगुलू समाज, वाडबल्डिजीलू समाज,श्री शैनम समाज, कासिम कोटा समिति, पटनायक समिति बिलासपुर आदि।


समाज जनों से उपस्थिति की अपील

आयोजन समिति ने बिलासपुर के सभी तेलुगु भाषी समाजजनों से सपरिवार इस भव्य कार्यक्रम में उपस्थित होकर समाज की एकता, संस्कार और गौरव को प्रकट करने की भावपूर्ण अपील की है।

कार्यक्रम

तारीख: रविवार, 27 जुलाई 2025,समय: शाम 6 बजे से 8 बजे तक स्थान: रेलवे नॉर्थ ईस्ट इंस्टिट्यूट सभागार, बुधवारी बाजार, बिलासपुर।

यह आयोजन केवल सम्मान का नहीं, बल्कि एकता, संस्कृति और सामाजिक चेतना का प्रतीक बनने जा रहा है।