० तेलुगु समाज ने समाज की चार विभूतियों को किया सम्मानित ० “समाज के प्रति हमारी कुछ जिम्मेदारियाँ होती हैं, जिन्हें मिलकर निभाना ज़रूरी है” : श्रीनिवास राव मददी ० “तेलुगु समाज मेरी पहचान है और यह सम्मान मेरे लिए गर्व की बात है:एल पद्मजा

बिलासपुर: तेलुगु समाज द्वारा रविवार की शाम रेलवे नॉर्थ ईस्ट इंस्टिट्यूट सभागार में गौरव सम्मान समारोह एवं सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। इस भव्य आयोजन में समाज की चार प्रतिष्ठित हस्तियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में विशिष्ट पहचान बनाकर समाज को गौरवान्वित किया।

इस गरिमामयी अवसर पर छत्तीसगढ़ बेवरेज कॉर्पोरेशन के चेयरमैन श्रीनिवास राव मद्दी, बिलासपुर नगर निगम की महापौर श्रीमती एल. पद्मजा, सेंट जेवियर्स स्कूल के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. जीएस पटनायक, एवं अमेठी यूनिवर्सिटी के सीनियर डायरेक्टर डॉ. अरुण पटनायक को समाज की ओर से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने पारंपरिक वेशभूषा में मनमोहक नृत्य, गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर माहौल को जीवंत कर दिया। दर्शकों ने तालियों की गूंज से प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।

इस अवसर पर सम्मानित अतिथियों ने कहा…..
श्रीनिवास राव मद्दी ने अपने उद्बोधन में कहा,“हम चाहे किसी भी राजनीतिक विचारधारा से जुड़े हों, समाज के प्रति हमारी कुछ जिम्मेदारियाँ होती हैं, जिन्हें मिलकर निभाना ज़रूरी है।”

महापौर एल. पद्मजा ने कहा,“तेलुगु समाज मेरी पहचान है और यह सम्मान मेरे लिए गर्व की बात है। समाज को आगे ले जाने के लिए हम सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए।”

कार्यक्रम के आयोजक वी राम राव ने कहा, सामाजिक एकता एवं परंपरा को संजोए रखने के उद्देश्य से हमारी समिति उगादी और शोलापुर माता पूजा जैसे कार्यक्रम पिछले 25 वर्षों से करते आ रही है। हमारा उद्देश्य समाज के लोगों को एक मंच पर लाना है। आज के युवा अपने समाज की सामाजिक परंपराओ , मूल्यों को जाने पहचाने और समाज के हित में काम करे यही हमारा उद्देश्य है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में तेलुगु समाज के लोग उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम द्वारा तेलगु समाज अपने सामाजिक एकजुटता, बौद्धिक प्रगति और सांस्कृतिक समृद्धि का प्रतीक बन गया, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
