Loading ...
बिलासपुर

सड़कों पर उतरे “मां अंजना गौ सेवा समिति” के गौ सैनिक, रेडियम पट्टी बांध कर कर रहे गौ वंश की रक्षा,
हाईकोर्ट की फटकार और शासन की चेतावनी के बाद भी नहीं जागे सरकारी अफसर

बिलासपुर। सड़कों पर बेघर घूम रहे गौ वंश की दुर्दशा और हादसों में हो रही मौतों के खिलाफ अब सामाजिक संगठन” मां अंजना गौ सेवा समिति” के सदस्य खुद सड़क पर उतर आए हैं। हाईकोर्ट की कड़ी फटकार और कलेक्टर व मुख्यमंत्री की चेतावनी के बावजूद जब सरकारी विभागों ने ठोस कदम नहीं उठाए, तब समिति के गौ सैनिकों ने गायों की जान बचाने का जिम्मा अपने हाथ में ले लिया।

समिति के सदस्य हाईवे पर घूम रहे गौ वंश को चिन्हित कर उनके शरीर पर रेडियम पट्टी बांध रहे हैं, ताकि रात में वाहन चालक उन्हें दूर से देख सकें और दुर्घटनाओं से बचा जा सके। इसके साथ ही वे वाहन चालकों को रोककर अपील कर रहे हैं कि तेज गति से वाहन न चलाएं, क्योंकि सड़कों पर गौ माता का बसेरा है।

समिति के मुताबिक, हाल ही में नेशनल हाईवे पर हुई कई दुर्घटनाओं में करीब 50 गायों की मौत हो चुकी है। तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आकर हुई इन दर्दनाक घटनाओं के बाद भी स्थानीय प्रशासन संवेदनहीन बना हुआ है।

गौ सैनिकों ने समाज से सहयोग की अपील करते हुए कहा— “यह केवल सरकार या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी का कर्तव्य है कि सड़कों पर बेसहारा घूम रही गौ माताओं की सुरक्षा के लिए कदम उठाएं।”

मां अंजना गौ सेवा समिति का यह अभियान न केवल गौ वंश की रक्षा का संदेश देता है, बल्कि यह भी साबित करता है कि जब सिस्टम निष्क्रिय हो जाए, तो समाज में ऐसे लोग मौजूद हैं जो निःस्वार्थ भाव से धर्म, परंपरा और कर्तव्य का पालन करते हैं।