Loading ...
बिलासपुर

सीपत एनटीपीसी हादसा: मृतक श्रमिक के परिजनों को मिला 5 लाख मुआवजे का झुनझुना

बिलासपुर। एनटीपीसी सीपत स्टेशन के यूनिट-5 में ओवरहॉलिंग के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मेसर्स गोरखपुर कन्स्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के अंतर्गत कार्यरत संविदा श्रमिक जब ऊंचे प्लेटफॉर्म पर कार्य कर रहे थे, तभी प्लेटफॉर्म अचानक ढह गया। हादसे में पांच संविदा मजदूर घायल हो गए, जिनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई।

घायलों में तीन श्रमिकों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि एक श्रमिक प्रताप सिंह का इलाज अपोलो अस्पताल में चल रहा है। उसका समस्त इलाज व्यय एनटीपीसी सीपत स्टेशन द्वारा उठाया जा रहा है। वहीं, श्याम कुमार नामक श्रमिक को सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और ठेकेदार की संयुक्त बैठक हुई, जिसमें मृतक के परिजनों को सीपत प्रबंधन और ठेकेदार की ओर से 5-5 लाख रुपये मुआवजा देने का निर्णय लिया गया। साथ ही ईएसआई स्कीम के अंतर्गत मिलने वाली सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा, दिवंगत की पत्नी को संविदा पर रोजगार देने का आश्वासन दिया गया है।

मृतक के अंतिम संस्कार हेतु तत्काल सहायता के रूप में 50,000 रुपये नकद ठेकेदार द्वारा दिए गए। सीपत प्रबंधन ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि “दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं और उनके परिवार को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।”

हालांकि, मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने मुआवजे की राशि को “झुनझुना” करार देते हुए कहा कि ठेकेदारी प्रथा में मजदूरों की जान की कोई कीमत नहीं बची है। मामले की निष्पक्ष जांच और भविष्य में सुरक्षा मानकों के सख्त पालन की मांग उठाई जा रही है।