Loading ...
बिलासपुर

ब्रेकिंग। सीपत एनटीपीसी हादसा: एक और श्रमिक की इलाज के दौरान मौत, मृतकों की संख्या हुई दो

बिलासपुर। एनटीपीसी सीपत के यूनिट क्रमांक-5 में बुधवार को हुए दर्दनाक हादसे में अब तक दो श्रमिकों की मौत हो चुकी है। गंभीर रूप से घायल श्रमिक प्रताप सिंह कंवर (पिता – बसंत कंवर) ने बुधवार रात लगभग 9 बजे अपोलो अस्पताल में दम तोड़ दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हादसा उस वक्त हुआ जब प्री-एयर हीटर प्लेटफॉर्म अचानक ध्वस्त हो गया और वहां कार्यरत मजदूर नीचे दब गए। हादसे में कई मजदूर घायल हुए थे, जिनमें से कुछ को गंभीर चोटें आई थीं।

कल की घटना – दर्दनाक शुरुआत

बुधवार दोपहर को यूनिट-5 के भीतर कार्य के दौरान अचानक प्लेटफॉर्म के गिरने से अफरा-तफरी मच गई। मजदूरों को तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू करके बाहर निकाला गया। हादसे के तुरंत बाद एक श्रमिक श्याम साहू की मौत हो गई थी।

आज की पुष्टि – दूसरा मजदूर नहीं बच सका

वही गंभीर रूप से घायल प्रताप सिंह कंवर को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें नहीं बचाया जा सका। देर रात उनकी मौत के बाद मृतकों की संख्या अब दो हो चुकी है।

प्रबंधन का बयान

एनटीपीसी प्रबंधन ने हादसे को लेकर गहरा शोक जताया है और मृत श्रमिकों के परिजनों को मुआवजा और नौकरी देने की घोषणा की है। हादसे की आंतरिक जांच भी शुरू कर दी गई है।

स्थानीय प्रशासन और यूनियनों की प्रतिक्रिया

हादसे को लेकर श्रमिक संगठनों में आक्रोश है। उन्होंने सुरक्षा मानकों में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, प्रशासन भी इस पूरे मामले पर निगरानी बनाए हुए है।