Loading ...
बिलासपुर

यातायात पुलिस बिलासपुर का “सुरक्षा का वादा” कार्यक्रम सम्पन्न, महिला सुरक्षा व यातायात अनुशासन को लेकर ऑटो चालकों ने ली शपथ

बिलासपुर।  वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के मार्गदर्शन में रक्षाबंधन के पावन अवसर पर यातायात पुलिस बिलासपुर ने “रक्षा की डोर – कानून की ओर” थीम पर “सुरक्षा का वादा” कार्यक्रम का भव्य आयोजन पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में किया। कार्यक्रम में 300 से अधिक ऑटो चालकों सहित 1000 से अधिक वाहन चालक व नागरिक उपस्थित हुए। महिला ऑटो चालकों ने भी ऑटो सहित सक्रिय भागीदारी निभाई।

कार्यक्रम की मुख्य झलकियां

ऑटो चालकों ने महिलाओं, बच्चियों, बच्चों और बुजुर्गों के प्रति विशेष सुरक्षा, सम्मान और संवेदनशील व्यवहार का शपथ लिया।

यातायात चेतना मित्रों, शियान चेतना मित्रों और अति वरिष्ठजनों को एसएसपी श्री रजनेश सिंह ने शाल, श्रीफल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ धूप-दीप प्रज्वलन से हुआ, स्वागत उद्बोधन एएसपी ट्रैफिक रामगोपाल करियारे ने दिया, वहीं शियान चेतना के उद्देश्यों पर जानकारी एएसपी अर्चना झा ने दी।

एसएसपी का संदेश

एसएसपी श्री रजनेश सिंह ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने में सभी ऑटो चालकों की अहम भूमिका है। उन्होंने महिला यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, यातायात नियमों का पालन करने और कानूनी व नैतिक जिम्मेदारियों को निभाने पर जोर दिया।

ऑटो चालकों की प्रमुख शपथें

सदैव यातायात नियमों का पालन करेंगे।
यूनिफॉर्म व नेमप्लेट धारण करेंगे।
महिलाओं के साथ कभी अभद्र व्यवहार नहीं करेंगे।
रात में या सुनसान जगहों पर छोड़ते समय सतर्कता बरतेंगे।
जरूरत पड़ने पर 112 या नजदीकी थाने को सूचना देंगे।
अतिरिक्त किराया नहीं लेंगे, विशेषकर त्योहारों और रात के समय।
ऑटो में GPS, हेल्पलाइन नंबर व CCTV लगाना सुनिश्चित करेंगे।
स्कूली बच्चों का परिवहन करते समय सभी सुरक्षा मानकों का पालन करेंगे।

सम्मानित अतिथि एवं उपस्थिति

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में एएसपी राजेन्द्र जयसवाल, एएसपी अर्चना झा, एएसपी ट्रैफिक रामगोपाल करियारे, सीएसपी कोतवाली गगन कुमार (प्रशिक्षु IPS), जिले के राजपत्रित अधिकारीगण, थाना प्रभारी, CMD कॉलेज के चेयरमैन संजय दुबे, NSS प्रमुख मनोज सिन्हा, वरिष्ठ नागरिक, सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य अशोक श्रीवास्तव, अशीत पाल तथा स्कूल-कॉलेजों के छात्र-छात्राओं सहित 700 से अधिक नागरिक शामिल रहे।

इस अवसर पर पुलिस ने स्पष्ट किया कि सभी ऑटो चालकों को सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य रूप से करना होगा, अन्यथा यातायात व्यवधान या नियम उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।