जिला यादव समाज 16 अगस्त को निकालेगा ऐतिहासिक श्रीकृष्ण जन्माष्टमी शोभायात्रा

बिलासपुर। जिला यादव समाज इस बार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व भव्यता और ऐतिहासिक अंदाज में मनाने जा रहा है। 16 अगस्त को पूरे जिले का यादव समाज एक विशाल शोभायात्रा निकालेगा, जिसमें लगभग 12,000 लोगों के शामिल होने की संभावना है। यह यात्रा लाल बहादुर शास्त्री मैदान से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए लखीराम सभा भवन में समाप्त होगी। आयोजन का उद्देश्य समाज में एकता और सद्भाव को बढ़ावा देना है।
शोभायात्रा समिति के अध्यक्ष विष्णु यादव ने बिलासपुर प्रेस क्लब में प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि इस बार का आयोजन ऐतिहासिक होगा। यात्रा में यादव समाज के लोग पारंपरिक वेशभूषा और पीले वस्त्रों में नज़र आएंगे। राउत नाचा, भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की जीवंत झांकियां, डीजे की धुन पर थिरकते युवा, भगवान श्रीकृष्ण और अर्जुन की आकर्षक रथ झांकियां यात्रा का मुख्य आकर्षण रहेंगी। इसके साथ ही लाठी, फरी, कुरूद जैसे पारंपरिक शस्त्रों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
वही समाज के युवा नेता अमित यादव ने बताया कि दूरदराज़ गांवों से युवा टोलियां निजी गाड़ियों और लगभग 1000 मोटरसाइकिल के साथ पहुंचेंगी। आयोजन के लिए 100 से अधिक बसें, 25-30 ट्रैक्टर और 80 चारपहिया वाहन तैयार किए गए हैं। इसके अलावा लगभग 300 युवतियां भव्य कलश यात्रा भी निकालेंगी।
समाज के युवा नेता शैलेन्द्र यादव ने कहा कि शोभायात्रा में शामिल लोगों के लिए भोजन, अल्पाहार और उपवास रखने वालों के लिए फलाहार की व्यवस्था की गई है। शोभायात्रा के दौरान स्वच्छता और अनुशासन बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। समाज के लोगों ने सभी समाजजनों और नागरिकों से इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की।