Loading ...
बिलासपुर

वीडियो। तिरंगा यात्रा में उमड़ा देशभक्ति का जज्बा, भाजपा ने निकाली भव्य बाइक रैली

हर घर तिरंगा अभियान के तहत शहर में गूंजे राष्ट्रभक्ति के नारे, नेताओं ने स्वयं संभाला मोर्चा

बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी ने आज शाम हर घर तिरंगा अभियान के तहत शहर में भव्य तिरंगा यात्रा रैली निकालकर देशभक्ति का अद्भुत जज्बा दिखाया। मोटरसाइकिल रैली के रूप में निकाली गई इस यात्रा में भाजपा के कद्दावर नेताओं, विधायकों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

दयालबंद के जगमल चौक से शुरू हुई रैली गांधी चौक, हटरी चौक, जवाली नाला, सीटी कोतवाली चौक, गोलबाजार, सदर बाजार, देवकीनंदन दीक्षित चौक होते हुए नेहरू चौक में संपन्न हुई। यात्रा के दौरान नेता और कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लहराते हुए ‘भारत माता की जय’ के नारों से पूरे शहर को गुंजायमान करते रहे। जगह-जगह का माहौल तिरंगामय नजर आया।



नेताओं ने खुद चलाया बाइक, जनता में भरा जोश

रैली का नेतृत्व केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह और बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने स्वयं बाइक चलाकर किया। इस मौके पर छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा अभिकरण के अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, बिलासपुर महापौर पूजा विधानी और भाजपा की नव नियुक्त प्रदेश मंत्री हर्षिता पांडे भी मौजूद रहीं।

जिलाध्यक्ष मोहित जायसवाल, दीपक सिंह, महामंत्री यश मनहर, जनक देवांगन समेत प्रदेश व जिला भाजपा पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा और विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं ने भी तिरंगा यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लिया।

तिरंगा हमारी आन, बान और शान – तोखन साहू

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा,

> “तिरंगा यात्रा का उद्देश्य देश की एकता और अखंडता को मजबूत करना है। तिरंगा हमारी आन, बान और शान है, और इसके सम्मान के लिए हमारा जीवन समर्पित है।”
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पंक्तियां उद्धृत कर भारत की महानता का वर्णन किया।

सशक्त नेतृत्व से बढ़ा राष्ट्र का गौरव – धरमलाल कौशिक

बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और सेना की वीरता ने देशवासियों में अपार उत्साह भर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व और निर्णायक क्षमता ने भारत को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई है।

14 अगस्त को विभाजन विभीषिका दिवस पर मौन जुलूस

भाजपा कल 14 अगस्त की शाम 3 बजे विभाजन विभीषिका दिवस के अवसर पर देवकीनंदन दीक्षित सभागार में गोष्ठी और मौन जुलूस का आयोजन करेगी। मुख्य वक्ता के रूप में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। मौन जुलूस लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान से तेलीपारा होते हुए सीएमडी महाविद्यालय मैदान तक निकलेगा।

तिरंगा यात्रा