Loading ...
बिलासपुर

मां नर्मदा दुर्गा उत्सव समिति में बुधवार को मनाया गया महानवमी का पर्व, कन्या पूजन और हवन का आयोजन

बिलासपुर। मां नर्मदा दुर्गाउत्स्व समिति मंगला चौक में बुधवार को महानवमी के पावन अवसर पर भव्य कन्या पूजन एवं हवन का आयोजन किया गया। इस शुभ मौके पर समिति के पूजा प्रभारी राजकुमार ठाकुर, छन्नू ध्रुव एवं अजय द्विवेदी ने बताया कि पिछले 27 वर्षों से यहां मां अम्बे की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की जा रही है। समिति की ओर से आयोजित इस आयोजन में स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कन्या पूजन के दौरान कन्याओं को विधि-विधान से पूजा कर उनका सम्मान किया गया और भोग-प्रसाद वितरित किया गया। इसके बाद हवन विधि संपन्न कर मां दुर्गा की विशेष पूजा की गई। इस अवसर पर समिति ने सभी भक्तों के सुख, समृद्धि और स्वास्थ्य की कामना की।

पूजा प्रभारी राजकुमार ठाकुर ने बताया कि नर्मदा नगर, मिनोचा कॉलोनी, गंगा नगर, शांति नगर, यमुना नगर सहित आसपास के कॉलोनियों के लोगों का सहयोग निरंतर बना रहता है, जिसके कारण यह आयोजन वर्षों से सफलतापूर्वक हो रहा है। माता दुर्गा की कृपा से समाज में सौहार्द्र और भाईचारे का वातावरण बना रहता है। इस धार्मिक आयोजन से आसपास के लोगों में भी श्रद्धा और उत्साह का वातावरण देखने को मिला। कई लोग परिवार के साथ हवन और पूजा में शामिल होकर मां दुर्गा से आशीर्वाद प्राप्त करते नजर आए। समिति की ओर से इस वर्ष भी आने वाले वर्षों में इसी प्रकार से धार्मिक आयोजनों को नियमित रूप से आयोजित करने का संकल्प लिया गया है।