Loading ...
बिलासपुर

युवा महोत्सव के कवि सम्मेलन के बैनर–पोस्टरों से स्थानीय विधायक और सांसद की तस्वीरें नदारद, शहर में चर्चा तेज

बिलासपुर। शहर में 23 से 25 दिसंबर तक आयोजित युवा महोत्सव के तहत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार, 23 दिसंबर को पुलिस ग्राउंड में राष्ट्रीय कवि सम्मेलन का आयोजन प्रस्तावित है, जिसमें देशभर से ख्यातिप्राप्त कवियों को आमंत्रित किया गया है। प्रसिद्ध कवि कुमार विश्वास के आगमन को लेकर शहर में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

युवा महोत्सव का मुख्य आयोजन स्थल बहतराई खेल स्टेडियम, बिलासपुरहै। कवि सम्मेलन के प्रचार–प्रसार के लिए शहरभर में बैनर और पोस्टर लगाए गए हैं, लेकिन इन्हीं बैनर–पोस्टरों में स्थानीय विधायक अमर अग्रवाल और केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद तोखन साहू की तस्वीरें न होने को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है।


बैनर–पोस्टरों से दोनों प्रमुख जनप्रतिनिधियों की फोटो गायब होने की बात अब शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है। इसे लेकर आम लोगों से लेकर राजनीतिक गलियारों तक तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं, स्थानीय विधायक अमर अग्रवाल और सांसद तोखन साहू के समर्थकों में इस मुद्दे को लेकर नाराजगी साफ नजर आ रही है।

समर्थकों का कहना है कि इतने बड़े सार्वजनिक आयोजन में क्षेत्र के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की अनदेखी उचित नहीं है।
हालांकि, आयोजन समिति की ओर से इस संबंध में अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि बैनर–पोस्टरों में हुई इस कथित अनदेखी पर आयोजक क्या सफाई देते हैं और क्या आने वाले दिनों में इस विवाद पर कोई स्पष्टीकरण सामने आता है या नहीं।