बिलासपुर प्रेस क्लब के चुनाव में विकास पैनल की अभूतपूर्व जीत, अजित मिश्रा अध्यक्ष और संदीप करियर सचिव बने,
वही उपाध्यक्ष पद पर विजय क्रांति तिवारी, सहसचिव हरिकिशन गंगवानी एवं कोषाध्यक्ष किशोर कुमार सिंह को मिली जीत

बिलासपुर। बिलासपुर प्रेस क्लब के चुनाव में विकास पैनल ने अभूतपूर्व प्रदर्शन करते हुए आशीर्वाद और विकल्प पैनल को करारी शिकस्त दी। रविवार को जिला प्रशासन की निगरानी में राघवेन्द्र सभा भवन में शांतिपूर्ण, पारदर्शी और लोकतांत्रिक वातावरण में संपन्न हुए इस चुनाव ने प्रेस क्लब के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया।

विकास पैनल के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अजीत मिश्रा सहित सभी छह प्रत्याशियों ने भारी मतों से जीत दर्ज कर संगठन में अपनी मजबूत पकड़ साबित की। यह संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया फर्म्स एवं सोसायटी के उप पंजीयक तथा नियुक्त चुनाव अधिकारी की देखरेख में पूरी वैधानिकता के साथ संपन्न हुई।

मतदान में दिखा पत्रकारों का उत्साह
सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक चले मतदान में कुल 447 वैध मतदाताओं में से 386 पत्रकार सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान प्रतिशत ने यह स्पष्ट कर दिया कि प्रेस क्लब के प्रति सदस्यों में गहरी सक्रियता और जागरूकता है। मतदान समाप्ति के बाद शाम 6 बजे से मतगणना शुरू हुई, जिसमें शुरुआती रुझानों से ही विकास पैनल निर्णायक बढ़त बनाता नजर आया और अंततः शानदार जीत दर्ज की।

पदवार चुनाव परिणाम
अध्यक्ष पद:
अजीत मिश्रा – 204 मत (विजयी)
दिलीप यादव – 142 मत
मदन सिंह ठाकुर – 35 मत
उपाध्यक्ष पद:
विजयक्रांति तिवारी – 193 मत (विजयी)
गोपीनाथ डे – 130 मत
विश्व दीपक राई – 54 मत
वेंदुल वेंकट रमण किरण – 04 मत
सचिव पद:
संदीप करिहार – 189 मत (विजयी)
रविशंकर शुक्ला – 163 मत
प्रवीर भट्टाचार्य – 26 मत
सह सचिव पद:
हरिकिशन गंगवानी – 156 मत (विजयी)
रमेश सिंह राजपूत – 146 मत
जयेन्द्र गोले – 78 मत
कोषाध्यक्ष पद:
किशोर कुमार सिंह – 189 मत (विजयी)
लोकेश्वर वाधमारे – 107 मत
आशीष कुमार मौर्य – 86 मत
कार्यकारिणी सदस्य:
कैलाश यादव – 208 मत (विजयी)
उषा सोनी – 136 मत
चंद्र प्रकाश शर्मा – 35 मत

जीत के बाद जश्न का माहौल
परिणाम घोषित होते ही राघवेन्द्र सभा भवन में उपस्थित पत्रकारों में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। विकास पैनल समर्थकों ने एक-दूसरे को बधाई दी और संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प दोहराया।

अजीत मिश्रा बोले – यह सभी पत्रकारों की जीत
नव-निर्वाचित अध्यक्ष अजीत मिश्रा ने अपनी जीत को सभी पत्रकार साथियों की जीत बताते हुए कहा कि विकास पैनल प्रेस क्लब को और अधिक सशक्त, पारदर्शी और पत्रकार हितैषी बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेगा। उन्होंने चुनाव में भाग लेने वाले सभी विरोधी पैनलों का भी आभार जताया और सभी को साथ लेकर चलने की बात कही।
लोकतंत्र की मिसाल बना चुनाव
बिलासपुर प्रेस क्लब का चुनाव हमेशा से गरिमापूर्ण और अनुशासित लोकतांत्रिक प्रक्रिया का उदाहरण रहा है। इस बार पत्रकारों की भारी सहभागिता ने यह साबित कर दिया कि प्रेस क्लब केवल एक संस्था नहीं, बल्कि पत्रकारों की आवाज, अधिकार और सम्मान का मजबूत मंच है। विकास पैनल की यह प्रचंड जीत संगठन में स्थिरता, विश्वास और सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक मजबूत कदम मानी जा रही है।