SECR रेलवे के आयोजन में बड़ा फूड पॉइजनिंग, 25 से अधिक बीमार,रेलवे हॉस्पिटल में भर्ती

बिलासपुर। साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे के एक प्रतिष्ठित आयोजन में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। अधिकारियों के लिए आयोजित ऑफिसर्स स्पोर्ट्स एंड कल्चरल मीट अब फूड पॉइजनिंग विवाद में बदल गया है। कार्यक्रम में शामिल जोन व मंडल स्तर के कई वरिष्ठ अधिकारी और उनके परिजन अचानक बीमार पड़ गए, जिससे रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया।
SEERSA द्वारा 17 और 18 जनवरी 2026 को रेलवे मुख्यालय बिलासपुर में आयोजित इस दो दिवसीय कार्यक्रम का समापन रविवार को हुआ था। समापन के कुछ ही घंटों बाद कार्यक्रम में परोसे गए भोजन के बाद कई लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। उल्टी, दस्त और तेज पेट दर्द की शिकायत के बाद देर रात करीब 25 से 30 अधिकारी और उनके परिजन रेलवे अस्पताल पहुंचाए गए।
मामले की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे के SDGM मनोज गुरुमुखी को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। उनके परिजन भी अस्वस्थ बताए जा रहे हैं। इसके अलावा APO रंजन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी बीमार हुए हैं, वहीं एडीआरएम समेत मंडलीय स्तर के अन्य अधिकारी भी इस घटना से प्रभावित हुए हैं।
चौंकाने वाली बात यह है कि आयोजन के लिए 300 प्लेट भोजन का ऑर्डर दिया गया था, लेकिन रात में केवल लगभग 100 लोगों ने ही भोजन किया। इसके बावजूद इतने बड़े पैमाने पर फूड पॉइजनिंग की घटना सामने आना भोजन की गुणवत्ता और आयोजन प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
सूत्रों के अनुसार कार्यक्रम का भोजन बिलासपुर स्थित कोर्टयार्ड बाय मैरियट से मंगाया गया था। यही कैटरर 22 जनवरी को होने वाली एक महत्वपूर्ण MP मीटिंग के लिए भी तय बताया जा रहा है। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि क्या रेलवे प्रशासन दोबारा उसी कैटरर पर भरोसा करेगा।
सबसे हैरानी की बात यह है कि इतने बड़े स्वास्थ्य संकट के बावजूद रेलवे प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है और न ही जांच को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी दी गई है। अब देखना होगा कि इस गंभीर लापरवाही पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई होती है या मामला कागजों तक ही सीमित रह जाएगा