“केन्द्रीय बजट 2026 महिला संवाद” : कार्यक्रम में महिलाओं के लिए बजट में किए गए प्रावधान को साझा किया गया

बिलासपुर। निज कार्यालय सेवा सदन में आयोजित “केन्द्रीय बजट 2026 महिला संवाद कार्यक्रम” में बड़ी संख्या में मातृशक्ति की सहभागिता देखने को मिली। कार्यक्रम का उद्देश्य केन्द्रीय बजट 2026 में महिलाओं के लिए किए गए प्रावधानों की जानकारी साझा करना और संवाद के माध्यम से जागरूकता बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला एवं लोरमी जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वर्षा सिंह उपस्थित रहे। जिन्होंने अपने संबोधन में केन्द्रीय बजट 2026 में महिलाओं के कल्याण, सशक्तिकरण, स्वरोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए किए गए महत्वपूर्ण प्रावधानों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा बजट में महिला उद्यमिता, कौशल विकास और स्व-सहायता समूहों को प्रोत्साहन देने के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं।

इस अवसर पर महिला मोर्चा बिलासपुर ग्रामीण की अध्यक्ष श्रीमती गायत्री साहू, बिलासपुर शहर की अध्यक्ष श्रीमती स्नेहलता शर्मा सहित महिला मोर्चा की पदाधिकारीगण उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर अपने विचार व्यक्त किए और विभिन्न योजनाओं को लेकर उत्साह प्रकट किया।

संवाद कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, स्वरोजगार के अवसरों और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन जैसे विषयों पर सकारात्मक चर्चा की। उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से ही समाज और राष्ट्र का समग्र विकास संभव है।
कार्यक्रम का समापन महिलाओं के उत्थान और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ हुआ।