एसईसीएल मुख्यालय में “अपनी चौखट अपना कचरा” नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिया स्वच्छता का संदेश
सफाई मित्रों के लिए स्वास्थ्य शिविर का आयोजन और डीएवी स्कूल के बच्चों ने निकाली स्वच्छता वॉकथॉन

बिलासपुर। स्वच्छता ही सेवा 2026 एवं विशेष अभियान 6 के अंतर्गत साऊथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) द्वारा आज मुख्यालय परिसर, बिलासपुर में ‘अपनी चौखट अपना कचरा’ विषय पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। प्रस्तुति के माध्यम से लोगों को अपने घर, कार्यस्थल और आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया।

नुक्कड़ नाटक में कचरा इधर-उधर न फेंकने, उसे निर्धारित स्थान पर डालने और सफाई को दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया। ‘अपनी चौखट अपना कचरा’ विषय के जरिए स्वच्छता की शुरुआत स्वयं से करने और स्वच्छ परिसर के निर्माण में प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी पर जोर दिया गया।

इसी क्रम में एसईसीएल द्वारा वसंत विहार स्थित पिंक डिस्पेंसरी में सफाई मित्रों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में सफाई कर्मियों की स्वास्थ्य जांच की गई और चिकित्सकों ने उन्हें स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया। इस पहल का उद्देश्य स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सफाई मित्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

वहीं, डीएवी पब्लिक स्कूल, एसईसीएल वसंत विहार, बिलासपुर में स्वच्छता जागरूकता वॉकथॉन का आयोजन किया गया। इसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वच्छता एवं स्वच्छ पर्यावरण का संदेश दिया।

स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। विशेष अभियान 6 का मुख्य कार्यान्वयन चरण 2 से 31 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। नुक्कड़ नाटक, स्वास्थ्य शिविर और वॉकथॉन के माध्यम से एसईसीएल ने स्वच्छता के साथ सफाई मित्रों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा और बच्चों की सहभागिता का संदेश दिया।