Loading ...
बिलासपुर

सर्व शिक्षक संघ ने डीईओ कार्यालय का किया घेराव, युक्तियुक्तकरण से उपजी समस्याओं का तत्काल निराकरण की मांग रखी

बिलासपुर। प्रदेश सरकार के युक्तियुक्तकरण से उपजी समस्याओं से नाराज शिक्षकों ने आज दोपहर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय का घेराव कर अपनी शिकायतो का तत्काल निराकरण करने की मांग की।

राज्य सरकार के द्वारा युक्तियुक्तकरण कर अति शेष शिक्षकों का अन्य स्कूलो में तबादला कर दिया गया है । जिससे शिक्षकों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

इन समस्याओं के निदान को लेकर आज बड़ी संख्या में सर्व शिक्षक संघ के पदाधिकारियों के साथ जिले के शिक्षकगण डीईओ कार्यालय का घेराव कर जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

लीली कुसुम तिग्गा

शिक्षकों ने युक्तियुक्तकरण से हो रही अपनी परेशानी के बारे में बतलाते हुए शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बिध्यासर में पदस्थ शिक्षिका लिली कुसुम तिग्गा ने कहा कि आज युक्तिकरण के बाद उन्हें 80 किलोमीटर दूर स्कूल में भेज दिया गया है। जहां न आवागमन की सुविधा है न किराए में मकान मिल रहे है। ऐसे में वहां रह कर एक महिला कैसे कार्य करे। वही उन्होंने यहीं कहा कि जब जिला स्तर की काउंसिलिंग हुई तो उनके ब्लाक में 1 पद रिक्त बतलाया गया था वही जब संभाग की काउंसिलिंग हुई उसमें 23 पद रिक्त दिखाया गया। इस तरह पदों को छुपाकर काउंसलिंग की गई जिसकी जांच होनी चाहिए।

ममता परस्ते

वही सकरी आत्मानंद स्कूल में पदस्थ शिक्षिका ममता परस्ते ने कहा कि उनकी स्कूल की प्राचार्य संध्या ने सीनियरिटी छुपाकर अपने चहेते को स्कूल में रहने दिया और उन्हें जूनियर शिक्षिका बताकर उनका अन्य स्थान में स्थानांतरण करा दिया। जो कि पूरी तरह नियमानुसार गलत है अन्याय पूर्वक है,जिसको निरस्त करनी चाहिए।

संतोष कुमार कुर्रे

वही तखतपुर ब्लाक के लाखासार में पदस्थ रहे शिक्षक संतोष कुमार कुर्रे ने बतलाया कि शासन के नियमानुसार वे पति पत्नी एक स्कूल में पदस्थ हो कर पिछले 10 वर्षों से अपनी सेवाए दे रहे थे लेकिन अब उनका स्थानांतरण कर उन्हें 45 किलोमीटर दूर भेज दिया गया है । जिससे पति पत्नी दोनों को भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की है कि उनका स्थानांतरण रद् कर पति पत्नी दोनों को एक साथ या आस पास के स्कूलों में पदस्थापना दिया जाय।

इन सभी शिकायतो को लेकर सर्व शिक्षक संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में शिक्षक शिक्षिका सोमवार की दोपहर डीईओ कार्यालय का घेराव कर जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा और मांग की कि उनकी समस्याओं का तत्काल  निराकरण किया जाए। अन्यथा शिक्षक संघ उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।