कारगिल विजय दिवस पर ‘सिपाही रक्षासूत्र’ कार्यक्रम में विधायक अमर अग्रवाल शामिल हुए,महिला मोर्चा की महिलाओं ने वीर जवानों को दी श्रद्धांजलि

बिलासपुर।कारगिल विजय दिवस के अवसर पर शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा के द्वारा बिलासपुर के सीएमडी चौक स्थित युद्ध स्मारक “अमर जवान” पर भावपूर्ण ‘सिपाही रक्षासूत्र’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं नगर विधायक अमर अग्रवाल, महापौर पूजा विधानी मुख्य रूप से शामिल हुई। वही कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारीगण, गणमान्य नागरिक, सैनिक और पुलिस प्रशासन के अधिकारीगण शामिल हुए।

इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने देश की रक्षा में प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों को नमन करते हुए श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। महिला मोर्चा की बहनों ने भारतीय सैनिकों को राखी बांधकर उनके प्रति आभार एवं सुरक्षा का संकल्प प्रकट किया।

पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने कहा, “कारगिल युद्ध भारत के वीरों के अदम्य साहस, पराक्रम और बलिदान की गाथा है। आज का दिन हमें अपने सैनिकों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का अवसर देता है।”

महापौर पूजा विधानी ने भी वीर सैनिकों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि, “हर भारतीय को अपने सैनिकों पर गर्व है और हमें उन्हें हर मंच से सम्मानित करना चाहिए।”
कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत गीतों, श्रद्धांजलि संदेशों और ‘रक्षासूत्र’ बांधने की भावुक रस्म ने माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।
कारगिल विजय दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम नई पीढ़ी को वीरता, बलिदान और देशप्रेम की प्रेरणा देता है।