Loading ...
बिलासपुर

अग्रसेन जयंती समारोह : पानी और पेड़ों को बचाने का संकल्प

“आवरण कल से कल तक” कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर संजय अग्रवाल ने किया।

बिलासपुर। महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह 2025 के अवसर पर इस वर्ष पर्यावरण संरक्षण को केंद्र में रखकर जनजागरण अभियान शुरू किया गया। “आवरण कल से कल तक” कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर संजय अग्रवाल ने किया।

कलेक्टर ने अपने उद्बोधन में कहा कि पानी और पेड़ों को बचाने की जिम्मेदारी सिर्फ सरकार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की है। यदि आज हम सतर्क नहीं हुए, तो आने वाले कल की पीढ़ियों को गंभीर संकटों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने वर्षा जल संरक्षण, वाटर रिचार्ज स्ट्रक्चर और पौधारोपण को जरूरी बताया।

स्कूली बच्चों की भागीदारी

अभियान के तहत बिलासपुर शहर एवं जिले के 14 से अधिक स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण और जल संरक्षण पर प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। बच्चों ने अपने विचार प्रस्तुत करते हुए पेड़ लगाने, वाटर हार्वेस्टिंग अपनाने और पानी बचाने का संकल्प लिया। निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों से सवाल भी पूछे, जिनका बच्चों ने उत्साहपूर्वक जवाब दिया।

प्रतियोगिता में सेंट फ्रांसिस हायर सेकेंडरी स्कूल, केंद्रीय विद्यालय, दिल्ली पब्लिक स्कूल, भारत माता स्कूल, ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल, सेंट जेवियर्स, महर्षि विद्या मंदिर, बिरला ओपन माइंड इंटरनेशनल स्कूल सहित कई स्कूलों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।

समाज की पहल

अग्रवाल सभा के अध्यक्ष शिव अग्रवाल ने बताया कि पौधारोपण और जल संरक्षण को लेकर समाज संकल्पित है। राधा अष्टमी के दिन से इस अभियान की शुरुआत की गई है। अग्रवाल नवयुवक समिति के अध्यक्ष अंकुर अग्रवाल ने कहा कि इस पहल से युवाओं और बच्चों में पर्यावरण संरक्षण की गंभीरता बढ़ेगी।

समारोह में उपस्थित

कार्यक्रम में जयंती समारोह समिति के अध्यक्ष चतुर्भुज अग्रवाल, सचिव नितिन बेरीवाल, मनीष अग्रवाल, राजकुमार अग्रवाल, कपिल जाजोदिया, अनुराग गोयल, डॉ. यश अग्रवाल, रंजना अग्रवाल, वंदना जाजोदिया सहित समाज के वरिष्ठजन, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।