वीडियो। बिलासपुर नगर निगम की खुली पोल, बारिश की पानी से सरकंडा बंधवापारा क्षेत्र हुआ जल मग्न

बिलासपुर। शहर में गुरुवार की दोपहर अचानक मौसम ने करवट ली और तेज मूसलाधार बारिश ने आमजन की रफ्तार थाम दी। लगातार बरसात से कई इलाकों में पानी भर गया, जिससे लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।

सबसे गंभीर हालात सरकंडा बंधवापारा क्षेत्र में देखने को मिले। यहां नाले का पानी और बारिश मिलकर घरों व गलियों में घुस गया। पूरा मोहल्ला टापू की तरह नजर आने लगा और लोग अपने ही घरों में कैद हो गए।
कॉलोनियों और मोहल्लों में जलभराव से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई। बच्चों ने इस स्थिति को खेल की तरह लिया और गाड़ियों के ट्यूब लेकर पानी में तैराकी करने लगे, लेकिन स्थानीय लोग इसे उनकी सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा मान रहे हैं।

नागरिकों का कहना है कि शहर में पानी निकासी की व्यवस्था बेहद कमजोर है। बारिश शुरू होते ही नालियां उफान मारने लगती हैं और मोहल्लों में पानी घुस जाता है। इससे न केवल आमजन परेशान होते हैं बल्कि मलेरिया, डेंगू जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है।

स्थानीय लोगों ने नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि हर साल बारिश में यही समस्या खड़ी होती है, मगर स्थायी समाधान की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया जाता।
शहरवासियों ने बिलासपुर नगर निगम के अधिकारियों एवं जन प्रतिनिधियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर कब तक उन्हें जलभराव की परेशानी को झेलनी पड़ेगी। नगर निगम केवल कागजों पर व्यवस्थाओं का दावा करता रहेगा?