बिलासपुर कलेक्टर की बड़ी कार्रवाई – 10 राजस्व निरीक्षकों का तबादला, लापरवाही पर सख्त रुख

बिलासपुर। जिले के राजस्व विभाग में लंबे समय से चल रही शिथिलता और लापरवाही की शिकायतों के बाद कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। कलेक्टर ने 10 राजस्व निरीक्षकों (आरआई) का कार्य प्रदर्शन देखते हुए उनका तबादला आदेश जारी किया है।
सूत्रों के अनुसार, हाल ही में हुई विभागीय समीक्षा बैठक में यह पाया गया कि कई आरआई अपने क्षेत्र में राजस्व वसूली, नामांतरण, सीमांकन, भूमि विवाद समाधान और जनहित के कार्यों में सुस्ती बरत रहे थे। इस पर नाराज़गी जताते हुए कलेक्टर ने स्पष्ट कहा –
“लापरवाह कर्मचारियों को बख्शा नहीं जाएगा, और बेहतर काम करने वालों को सम्मानित किया जाएगा।”
प्रशासनिक कसावट लाने की कोशिश
तबादला आदेश के तहत इन 10 आरआई को विभिन्न तहसीलों और मंडलों में स्थानांतरित किया गया है। इस कदम को प्रशासनिक कसावट और राजस्व विभाग में पारदर्शिता लाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
जनता से जुड़े मामलों पर जोर
कलेक्टर ने सभी तहसीलदारों और राजस्व अमले को निर्देश दिए हैं कि सभी प्रकरणों का निर्धारित समयसीमा में निपटारा करें। खासकर जनता से जुड़े भूमि विवाद और नामांतरण संबंधी मामलों को प्राथमिकता देने को कहा गया है।
आगे और होंगे फेरबदल?
जानकारों का कहना है कि आने वाले दिनों में राजस्व विभाग में और भी बड़े फेरबदल देखने को मिल सकते हैं। कलेक्टर ने साफ संकेत दिए हैं कि जनहित से जुड़े कामों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यह कार्रवाई जिले के राजस्व अमले के लिए कड़ा संदेश मानी जा रही है कि अब सुस्त और लापरवाह कामकाज पर सीधे कार्रवाई होगी।
देखिए जारी आदेश….
