“नेशनल चाइल्ड एंड विमेन डेवलपमेंट कॉन्सिल” की खुद को “स्टेट प्रेसिडेंट” बताने वाली सपना सराफ गिरफ्तार, अटल आवास दिलाने के नाम पर लोगों से किया 3.40 लाख की ठगी

बिलासपुर। प्रधानमंत्री अटल आवास योजना के तहत घर दिलाने का झांसा देकर 3 लाख 40 हजार रुपये की ठगी करने वाली महिला को सरकंडा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित महिला ने फर्जी रसीद बुक छपवाकर पीड़ित महिलाओं से राशि वसूली थी।
मामला इस तरह सामने आया
नगर निगम बिलासपुर कार्यालय के लिपिक सौरभ तिवारी ने सरकंडा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि कल्याण बाग, राजकिशोर नगर निवासी सपना सराफ (52 वर्ष) ने दो महिलाओं – उमा साहू और संतोषी विश्वकर्मा – से अटल आवास दिलाने के नाम पर 1-1 लाख 70 हजार रुपये वसूले। इस तरह कुल 3.40 लाख रुपये की ठगी की गई।
सपना सराफ ने दोनों को फर्जी रसीद बुक से रसीद दी और यहां तक कि अटल आवास की चाबी भी सौंप दी। लेकिन जब पीड़ित महिलाएं घर में प्रवेश करने गईं, तो गार्ड ने स्पष्ट कर दिया कि उनके नाम पर कोई मकान आवंटित नहीं है।
पुलिस की कार्रवाई
पीड़ित महिलाओं की शिकायत पर नगर निगम ने जांच की और मामले की पुष्टि होने पर एफआईआर दर्ज कराने निर्देश दिया। इसके बाद सरकंडा पुलिस ने अपराध क्रमांक 1239/2025 धारा 420, 467, 468, 471 भादवि के तहत मामला दर्ज किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजनेश सिंह (भापुसे) ने तत्काल आरोपिया की गिरफ्तारी का आदेश दिया। उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राजेन्द्र जायसवाल और सीएसपी सरकंडा सिद्धार्थ बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय और उनकी टीम ने सपना सराफ को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने फर्जी रसीद बुक भी जप्त की है।
जेल भेजी गई आरोपी
गिरफ्तारी के बाद आरोपी सपना सराफ को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
