गौ तस्करी का मामला: बजरंग दल ने पकड़ा वाहन, पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ की FIR दर्ज

बिलासपुर।जिला गौ रक्षा प्रमुख बजरंग दल (वि.हि.प.) मंजीश सिंह ठाकुर ने थाना पचपेडी में एक लिखित आवेदन प्रस्तुत कर गौ तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

मिली जानकारी के अनुसार, 4 सितंबर 2025 की रात लगभग 10:30 बजे जोंधरा निवासी नारायण पटेल से सूचना प्राप्त हुई कि माजदा वाहन क्रमांक CG 22 R 8647 में बड़ी संख्या में गौवंशों को भरकर अवैध तरीके से बुचड़खाने ले जाया जा रहा है।
सूचना मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सक्रियता दिखाते हुए जोंधरा के पास उक्त वाहन को रोका। वाहन में लगभग 25 से 30 गौवंश निर्दयता पूर्वक ठूंस-ठूंसकर भरे गए थे। कार्यकर्ताओं ने मौके पर चालक सुरेश कुमार पटेल को पकड़ लिया, जबकि वाहन मालिक मौके से फरार हो गया।
इस बीच, पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले अन्य छह युवक बाइक से वहां पहुंचे और पकड़े गए तस्करों को छुड़ाने की कोशिश की। हालांकि, बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने स्थिति को नियंत्रित रखा और घटना की सूचना तत्काल थाना पचपेडी को दी।
जिला गौ रक्षा प्रमुख मंजीश सिंह ठाकुर ने थाना प्रभारी को दिए आवेदन में कहा है कि गौवंशों के साथ अमानवीय व्यवहार करते हुए तस्करी की जा रही थी। उन्होंने संबंधित वाहन चालक, मालिक और उनके सहयोगियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल, थाना पचपेडी पुलिस ने FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।