Loading ...
बिलासपुर

भारतीय सिंधु सभा के मंच से 200 प्रतिभाशाली बच्चों का हुआ सम्मान,
प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक भी संपन्न

बिलासपुर। तिफरा स्थित झूलेलाल मंगलम में भारतीय सिंधु सभा बिलासपुर इकाई द्वारा प्रतिभा सम्मान समारोह 2025 का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज के लगभग 200 मेधावी बच्चों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजेश वाधवानी (राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, भारतीय सिंधु सभा मुंबई) रहे। कार्यक्रम अध्यक्ष विनोद मेघानी (अध्यक्ष, पूज्य सिंधी सेन्ट्रल पंचायत बिलासपुर) एवं अति विशिष्ट अतिथि महापौर श्रीमती पूजा विधानी रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ ईष्टदेव झूलेलाल जी के जयघोष और दीप प्रज्वलन से हुआ।

अपने उद्बोधन में श्री वाधवानी ने समाज में व्याप्त कुरीतियों के प्रति सचेत रहने और संस्कृति व सभ्यता की रक्षा करने पर बल दिया। वहीं महापौर श्रीमती पूजा विधानी ने बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम अध्यक्ष विनोद मेघानी ने कहा कि बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ सनातन धर्म और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझना चाहिए। उन्होंने संस्था द्वारा 40 वर्षों से लगातार बच्चों को सम्मानित करने की परंपरा की सराहना की और अध्यक्ष शंकर मनचंदा, महामंत्री राम सुखीजा सहित पूरी टीम को बधाई दी।

भारतीय सिंधु सभा (महिला विंग) की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती विनीता भावनानी ने अपने संबोधन में धर्मांतरण और लव जिहाद जैसे मुद्दों पर समाज को सचेत रहने का संदेश दिया।

इस अवसर पर पूज्य सिंधी सेन्ट्रल पंचायत बिलासपुर, सभी 17 वार्ड पंचायतों के अध्यक्ष, सेन्ट्रल युवा विंग, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि और शहर के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन CA कमल बजाज और दयानंद तीर्थानी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन संस्था के महामंत्री राम सुखीजा ने किया।


आयोजन को सफल बनाने में महिला विंग की अध्यक्ष श्रीमती गरिमा शहनी व पूरी टीम, युवा विंग और वरिष्ठ समाजसेवियों का विशेष योगदान रहा।