Loading ...
बिलासपुर

डबरीपारा के 1200 रहवासियों ने सामुदायिक भवन वापस दिलाने मुख्यमंत्री से लगाई गुहार

बिलासपुर। वार्ड क्रमांक 55, मोहल्ला डबरीपारा चांटीडीह के लगभग 1200 से अधिक निवासियों ने मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन को कलेक्टर बिलासपुर के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र के सार्वजनिक सामुदायिक भवन को पुनः आम जनता के उपयोग हेतु उपलब्ध कराने की मांग की है।

निवासियों ने बताया कि बबला पेट्रोल पंप के पीछे स्थित शासकीय भूमि पर वर्षों पूर्व सभी जाति वर्ग की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सामुदायिक भवन का निर्माण कराया गया था। यहां एक कमरे में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भी नियमित रूप से संचालित होता था। लेकिन करीब 5–6 वर्ष पूर्व इस भवन को बिना सार्वजनिक जानकारी के देवांगन समाज को प्रदान कर दिया गया। मोहल्ले में देवांगन समाज के केवल 10–12 परिवार निवास करते हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार समाज द्वारा भवन पर कब्जा कर ताला लगा दिया गया है और इसे अवैधानिक रूप से किराए पर संचालित किया जा रहा है। साथ ही, परमेश्वरी महोत्सव एवं अन्य कार्यक्रमों के दौरान परिसर के बाहर शराबखोरी, गंदगी फैलाने और आवागमन बाधित करने जैसी शिकायतें भी सामने आई हैं, जिससे पूरे डबरीपारा के निवासियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

निवासियों ने ज्ञापन में मांग की है कि—

सामुदायिक भवन को देवांगन समाज से वापस लेकर वार्ड की आम जनता के लिए उपलब्ध कराया जाए।

भवन की जवाबदारी क्षेत्रीय पार्षद को सौंपी जाए।

पूर्व में संचालित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को पुनः नियमित रूप से शुरू किया जाए ताकि 1200 से अधिक नागरिकों को स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।


डबरीपारा के रहवासियों को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री उनके साथ न्याय करेंगे और सार्वजनिक भवन को पुनः समाजहित में उपलब्ध कराया जाएगा।