Loading ...
बिलासपुर

“राज्य युवा महोत्सव* में वरिष्ठ विधायक अमर अग्रवाल की उपेक्षा, नाराजगी के बाद CM को करना पड़ा हस्तक्षेप

बिलासपुर। राज्य युवा महोत्सव कार्यक्रम के दौरान मंगलवार को उस समय असहज स्थिति बन गई, जब सीनियर विधायक अमर अग्रवाल मंच की बैठक व्यवस्था को लेकर नाराज हो गए। जानकारी के अनुसार, VVIP मंच पर सीनियर विधायक अमर अग्रवाल के लिए बैठक की उचित व्यवस्था नहीं की गई थी, जिससे वे मंच पर ही नाराजगी जाहिर करने लगे।

बताया जा रहा है कि विधायक अमर अग्रवाल ने इस अव्यवस्था को लेकर सीधे तौर पर कलेक्टर संजय अग्रवाल पर नाराजगी जताई। मंच पर ही इस मुद्दे को लेकर कुछ देर तक असहज माहौल बना रहा, जिससे कार्यक्रम में मौजूद अधिकारी और अतिथि भी असहज हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को स्वयं हस्तक्षेप करना पड़ा। मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद स्थिति संभली और उन्होंने विधायक अमर अग्रवाल को फ्रंट रो में बैठने की व्यवस्था कराई। इसके बाद विधायक अमर अग्रवाल शांत हुए और कार्यक्रम आगे बढ़ सका।

गौरतलब है कि बिलासपुर में आयोजित राज्य युवा महोत्सव एक महत्वपूर्ण शासकीय कार्यक्रम है, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और युवा प्रतिभागी शामिल हुए हैं। मंच व्यवस्था में हुई इस चूक ने प्रशासनिक तैयारियों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। यही नहीं शहर के चौक चौराहों में लगे बैनर पोस्टरों में भी नगर विधायक की फोटो गायब दिखी जो पूरे शहर में चर्चा का विषय बना रहा।