Loading ...
बिलासपुर

रेलवे क्षेत्र के होटलों में घरेलू गैस का खुलेआम अवैध इस्तेमाल, खाद्य विभाग की चुप्पी पर उठे सवाल, देखिए वीडियो

बिलासपुर। रेलवे क्षेत्र में स्थित होटलों में घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध उपयोग खुलेआम जारी है, लेकिन संबंधित विभागों की चुप्पी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर के रेलवे स्टेशन परिसर, बुधवार बाजार और आसपास के इलाकों में संचालित अधिकांश होटल व ढाबों में घरेलू गैस सिलेंडरों का इस्तेमाल धड़ल्ले से किया जा रहा है, जबकि नियमानुसार व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में केवल कमर्शियल गैस सिलेंडरों का ही उपयोग किया जाना चाहिए।


स्थानीय लोगों का कहना है कि यह अवैध गतिविधि लंबे समय से चल रही है, लेकिन खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। न तो निरीक्षण की खबर सामने आई है और न ही किसी होटल पर जुर्माना या सिलेंडर जब्ती की जानकारी। इससे होटल संचालकों के हौसले बुलंद हैं और वे बेखौफ होकर नियमों की अनदेखी कर रहे हैं।


सबसे गंभीर बात यह है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह आम उपभोक्ताओं के हक पर भी चोट है। इससे घरेलू उपभोक्ताओं को गैस की उपलब्धता में परेशानी हो सकती है।
लोगों के बीच चर्चा है कि आखिर विभागीय अधिकारियों और होटल संचालकों के बीच ऐसी कौन-सी “सेटिंग” है, जिसके चलते कार्रवाई से बचा जा रहा है। अब जरूरत है कि प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच करे और दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करे।