Loading ...
बिलासपुर

बिना अनुमति संचालित ओयो होटल पर नगर निगम की छापेमारी, सील कर बंद कराया


बिलासपुर। सरकंडा क्षेत्र के देवनंदन नगर फेस–2 स्थित रिहायशी इलाके में बिना अनुमति संचालित हो रहे ओयो होटल पर सोमवार को नगर निगम ने छापेमार कार्रवाई करते हुए उसे सील कर बंद करा दिया।


मिली जानकारी के अनुसार उक्त भवन लंबे समय से ओयो होटल के रूप में संचालित किया जा रहा था, जहां संदिग्ध युवक-युवतियों का दिनभर आना-जाना बना रहता था। इससे क्षेत्रवासियों में असुरक्षा और असहजता का माहौल बन गया था। परेशान होकर स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत नगर निगम कमिश्नर से की थी।


शिकायत मिलने के बाद नगर निगम ने होटल संचालक को तीन बार नोटिस जारी किया, लेकिन संचालक द्वारा किसी भी नोटिस का जवाब नहीं दिया गया। इसके बाद सोमवार को नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर होटल को सील कर दिया।


नगर निगम के सब इंजीनियर युगल किशोर ने बताया कि देवनंदन नगर में संचालित इस ओयो होटल को किसी भी प्रकार की कमर्शियल अनुमति प्राप्त नहीं थी। यह पूरी तरह से रिहायशी क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था।


नगर निगम की इस कार्रवाई से स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली है और प्रशासन के इस कदम की सराहना की है।