आयुष मेहता बने किसान मोर्चा रेलवे मंडल अध्यक्ष, महर्षि बाजपेयी को भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष की मिली जिम्मेदारी

बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी बिलासपुर संगठन में विस्तार करते हुए विभिन्न पदों पर नई नियुक्तियों की घोषणा की गई है। पार्टी नेतृत्व के मार्गदर्शन में किसान मोर्चा एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) में सक्रिय कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंहदेव एवं प्रदेश महामंत्री संगठन पवन साय के मार्गदर्शन, साथ ही संभाग प्रभारी, सहप्रभारी एवं जिला प्रभारी के निर्देशानुसार तथा भाजपा जिला बिलासपुर कोर ग्रुप के निर्णय पर, भाजपा बिलासपुर शहर जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर की अनुसंशा पर किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष दिनेश राजपूत ने मंडल अध्यक्षों की घोषणा की है। इसी क्रम में किसान मोर्चा रेलवे मंडल अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी भाई आयुष मेहता को सौंपी गई है। पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
वहीं दूसरी ओर, भाजपा बिलासपुर शहर जिला कोर ग्रुप की सहमति से भारतीय जनता युवा मोर्चा बिलासपुर शहर जिला कार्यकारिणी की भी घोषणा की गई। इसमें सक्रिय युवा कार्यकर्ता महर्षि बाजपेयी को जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। महर्षि इससे पहले भाजयुमो उत्तर मंडल सरकंडा के मंडल अध्यक्ष के रूप में कार्य कर चुके हैं और विपक्ष के समय विभिन्न आंदोलनों में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। उनकी संगठनात्मक सक्रियता और कार्यशैली को देखते हुए उन्हें जिला स्तर की टीम में यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है।
अपनी नियुक्ति पर महर्षि बाजपेयी ने बिलासपुर नगर विधायक अमर अग्रवाल, भाजपा शहर जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर, भाजपा शहर जिला कोषाध्यक्ष गुलशन ऋषि सहित सभी वरिष्ठ नेताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है जहां कार्यकर्ताओं की मेहनत को वास्तविक सम्मान मिलता है।
दोनों नियुक्तियों को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और संगठन को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।