Loading ...
बिलासपुर

अमेरी शक्ति खार,गीता पैलेस के पास किसानों के आम रास्ते पर बिल्डर का कब्जा, राजस्व रिकॉर्ड की जांच की मांग

बिलासपुर। बिलासपुर के अमेरी क्षेत्र में भू-माफियाओं और बिल्डरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। साईं नगर, शक्ति खार, अमेरी में किसानों की जमीन और वर्षों पुराने आम रास्ते पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। आरोप है कि बिल्डर ने जमीन को घेरकर रास्ता पूरी तरह ब्लॉक कर दिया है।

बिलासपुर के गीता पैलेस के पास, शक्ति खार, अमेरी में किसानों ने एक बिल्डर पर उनकी जमीन और आम रास्ते पर अवैध कब्जा करने का गंभीर आरोप लगाया है। किसानों का कहना है कि यह रास्ता वर्षों पुराना है और शासकीय राजस्व रिकॉर्ड में भी दर्ज है, इसके बावजूद बिल्डर ने बाउंड्रीवाल खड़ी कर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया है।


पीड़ित किसानों में शामिल हैं:


जोगी राम – खसरा नंबर 94/4, रकबा 20 डिसमिल
शकुंतला बाई धृतलहरे – खसरा नंबर 94/8, रकबा 5 डिसमिल
चंद्रिका बाई – खसरा नंबर 94/7, रकबा 5 डिसमिल
अमरीका बाई डहरिया – खसरा नंबर 94/6, रकबा 5 डिसमिल
शशिकांता जांगड़े – खसरा नंबर 94/1, रकबा 5 डिसमिल

किसानों का कहना है कि उनकी यह पुरखौती जमीन है और वर्षों से इसी आम रास्ते से खेतों तक आना-जाना होता रहा है। लेकिन हाल ही में एक बिल्डर द्वारा जमीन के सामने बाउंड्री निर्माण कर रास्ते को घेर लिया गया, जिससे किसानों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है।

पीड़ित किसान सतीश कुमार टंडन ने बताया कि रास्ता बंद होने के कारण किसानों को खेत तक पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि इस पूरे मामले में राजस्व विभाग के कुछ कर्मचारियों की मिलीभगत भी हो सकती है।

किसानों ने जिला प्रशासन और राजस्व विभाग से मांग की है कि संबंधित खसरा नंबरों की निष्पक्ष जांच कराई जाए, राजस्व रिकॉर्ड का सत्यापन किया जाए और वर्षों पुराने आम रास्ते को तत्काल बहाल किया जाए।

यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसान आंदोलन करने की चेतावनी भी दे रहे हैं।