प्रदेश स्तरीय सराफा महासम्मेलन : बिलासपुर को मिली बड़ी सौगात, बनेगा जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क, धारा 317 के सरलीकरण का भी भरोसा

बिलासपुर 28 जून 2026। छत्तीसगढ़ के सराफा कारोबार का सबसे बड़ा केंद्र रविवार को बिलासपुर बना, जहां प्रदेश स्तरीय सराफा महासम्मेलन का भव्य आयोजन हुआ। सम्मेलन में प्रदेशभर से हजारों सराफा व्यापारी शामिल हुए।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, गृह मंत्री विजय शर्मा, वरिष्ठ विधायक धरमलाल कौशिक, विधायक धर्मजीत सिंह, विधायक सुशांत शुक्ला, सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी सहित कई जनप्रतिनिधि और व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
सम्मेलन का सबसे बड़ा आकर्षण उपमुख्यमंत्री अरुण साव की वह घोषणा रही, जिसमें उन्होंने बिलासपुर को आधुनिक जेम्स एंड ज्वेलरी सेंटर की सौगात देने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार रायपुर में जेम्स एंड ज्वेलरी सेंटर विकसित किया गया है, उसी तर्ज पर अब बिलासपुर में भी अत्याधुनिक जेम्स एंड ज्वेलरी सेंटर बनाया जाएगा। मंच से ही उन्होंने नगर निगम आयुक्त को इस दिशा में आवश्यक प्रक्रिया तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए। घोषणा होते ही सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और व्यापारियों ने इसका जोरदार स्वागत किया।
गृह मंत्री विजय शर्मा ने भी सराफा व्यापारियों की लंबे समय से लंबित मांगों पर सकारात्मक संकेत दिए। उन्होंने डीएस की धारा 317 के सरलीकरण की मांग पर कहा कि राज्य सरकार इस विषय पर गंभीरता से काम कर रही है। जल्द ही इसके लिए स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) जारी किया जाएगा, जिससे व्यापारियों को अनावश्यक प्रशासनिक परेशानियों से राहत मिलेगी और कारोबार अधिक सरल, पारदर्शी तथा सुगम हो सकेगा।

सम्मेलन में वरिष्ठ विधायक धरमलाल कौशिक, विधायक धर्मजीत सिंह और विधायक सुशांत शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी सराफा उद्योग के विकास, व्यापारियों की सुरक्षा, कारोबार को आसान बनाने तथा उद्योग के विस्तार को लेकर अपने विचार रखे। सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने भी व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को मंच से प्रमुखता से रखा।
प्रदेशभर से आए सराफा कारोबारियों ने सम्मेलन में व्यापार से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। व्यापारिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, उद्योग के आधुनिकीकरण और सरकार के साथ बेहतर समन्वय जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।
कुल मिलाकर बिलासपुर में आयोजित यह प्रदेश स्तरीय सराफा महासम्मेलन केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं रहा, बल्कि व्यापारियों के हितों से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों और घोषणाओं का मंच बना। बिलासपुर में जेम्स एंड ज्वेलरी सेंटर की घोषणा तथा धारा 317 के सरलीकरण को लेकर सरकार के आश्वासन ने प्रदेशभर के सराफा कारोबारियों में नई उम्मीद जगा दी है।