बिलासपुर में कॉस्मेटिक दुकानों पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की कार्रवाई, 3 उत्पादों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए

बिलासपुर। “सही दवा-शुद्ध आहार- यही छत्तीसगढ़ का आधार” अभियान के तहत खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने शहर में कॉस्मेटिक दुकानों पर सख्ती बढ़ा दी है। नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन के निर्देशानुसार सोमवार को विभाग की टीम ने तेलीपारा क्षेत्र में संचालित दुकानों का निरीक्षण किया।

सहायक खाद्य एवं औषधि नियंत्रक भीष्म सिंहदेव एवं औषधि निरीक्षकों की टीम द्वारा शहर के कुल 4 कॉस्मेटिक दुकानों की जांच की गई। जांच का मुख्य उद्देश्य नकली कॉस्मेटिक उत्पादों की बिक्री और बिना लाइसेंस के औषधियों के भंडारण पर रोक लगाना था।

निरीक्षण के दौरान राहत की बात यह रही कि किसी भी प्रतिष्ठान में बिना अनुज्ञप्ति के औषधियों का अवैध भंडारण नहीं पाया गया। हालांकि, टीम ने 2 दुकानों से प्रसाधन सामग्री के 3 नमूने—लिपस्टिक, फेयरनेस क्रीम और नेल पॉलिश—गुणवत्ता परीक्षण के लिए संग्रहित किए। इन सैंपलों को जांच के लिए रायपुर स्थित प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि शहर में नकली कॉस्मेटिक उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। आने वाले दिनों में अन्य क्षेत्रों की दुकानों की भी नियमित जांच की जाएगी और संदिग्ध उत्पादों के नमूने परीक्षण के लिए भेजे जाएंगे।
जिन दुकानों का किया गया निरीक्षण:
•मेसर्स विक्की जनरल स्टोर, तेलीपारा
•मेसर्स संजय ट्रेडर्स, तेलीपारा
•मेसर्स श्री लीला इंटरप्राइजेस, तेलीपारा
•माँ वैष्णव एजेंसी, तेलीपारा
खाद्य एवं औषधि प्रशासन की इस कार्रवाई से शहर में नकली और घटिया गुणवत्ता वाले कॉस्मेटिक उत्पादों पर लगाम कसने की उम्मीद जताई जा रही है।