Loading ...
क्राइमबिलासपुर

डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय के बॉयज हॉस्टल से लापता छात्र नागपुर से बरामद हुआ, ऑनलाइन गेमिंग के डर से हॉस्टल से हुआ था फरार

बिलासपुर/कोटा। छत्तीसगढ़ पुलिस के तहत थाना कोटा पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय के बॉयज हॉस्टल से लापता छात्र को सुरक्षित बरामद कर लिया है। छात्र को नागपुर से खोजकर परिजनों के सुपुर्द किया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुम इंसान क्रमांक 29/2026 में दर्ज मामले में रोहित कुमार (20 वर्ष), निवासी गया (बिहार), जो कोटा स्थित विश्वविद्यालय में बी. फार्मेसी चतुर्थ सेमेस्टर का छात्र था, 6 मार्च 2026 को अचानक हॉस्टल से लापता हो गया था। मामले की शिकायत 7 मार्च को थाना कोटा में दर्ज कराई गई थी।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने छात्र की तलाश के लिए व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान क्लासमेट्स से पूछताछ, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), बैंक अकाउंट डिटेल, सीसीटीवी फुटेज और साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस टीम ने दमोह, मथुरा और वृंदावन तक जाकर तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

आखिरकार 25 अप्रैल 2026 को तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छात्र के नागपुर में होने की जानकारी मिली। तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम को नागपुर भेजा गया, जहां 26 अप्रैल को रोहित कुमार को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।

पूछताछ में छात्र ने बताया कि वह ऑनलाइन गेमिंग का आदी हो गया था और कई लोगों से उधार लेकर गेम में पैसे लगा चुका था। इस बात को परिवार को बताने के डर से उसने हॉस्टल से भागने की योजना बनाई थी।
पुलिस ने बरामदगी के बाद छात्र को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।

इस कार्रवाई में इनकी रही अहम भूमिका:

अति. पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह, एडीओ(पी) नूपुर उपाध्याय एवं निरीक्षक नरेश चौहान, उप निरीक्षक गोपाल खाण्डेकर, आरक्षक धर्मेंद्र साहू, अनिल साहू, जलेश्वर साहू तथा साइबर सेल के आरक्षक प्रशांत राठौर।


कोटा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा मामला सुलझ गया और छात्र सुरक्षित अपने घर पहुंच सका।