Loading ...
बिलासपुर

“सही दवा–शुद्ध आहार “अभियान के तहत शहर में मेडिकल स्टोर्स की सघन जांच, कई अनियमितताएं उजागर

बिलासपुर। कलेक्टर के निर्देश एवं सहायक औषधि नियंत्रक भीष्म देव सिंह के मार्गदर्शन में “सही दवा–शुद्ध आहार” अभियान के तहत शहर में औषधि निरीक्षकों की टीम द्वारा व्यापक जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान अश्विनी धुरी, आशीष पांडे एवं कामेश्वर पटेल की 2 टीमों ने शहर के 11 औषधि खुदरा प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।

जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण अनियमितताएं सामने आईं। 3 मेडिकल स्टोर्स में नियमानुसार क्रय-विक्रय से संबंधित दस्तावेजों का संधारण नहीं पाया गया। वहीं 1 औषधि प्रतिष्ठान में फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति भी पाई गई, जो नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। इसके अलावा 1 औषधि नमूना जांच के लिए लिया गया है।

सहायक औषधि नियंत्रक भीष्म देव सिंह ने बताया कि औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 एवं नियमावली 1945 के प्रावधानों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए यह सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन प्रतिष्ठानों में अनियमितताएं पाई गई हैं, उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की इस कार्रवाई से शहर के मेडिकल व्यवसायियों में हड़कंप की स्थिति है, वहीं आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में यह अभियान अहम माना जा रहा है।